
देवसर। शासन के कड़े निर्देशों के बावजूद देवसर क्षेत्र के समदा स्थित कंपोजिट दुकान में आबकारी नियमों को ताक पर रखकर व्यापार किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो यहाँ न केवल शराब की कालाबाजारी हो रही है, बल्कि दुकान के आस-पास का माहौल भी पूरी तरह दूषित हो चुका है।
आरोप है कि यहां से अवैध रूप से शराब की खेप आसपास के गांव-गांव में भेजी जा रही है। इससे ग्रामीण अंचलों में नशे का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और युवा पीढ़ी इसकी चपेट में आ रही है। वहीं दुकान पर किसी भी प्रकार की आधिकारिक रेट सूची चस्पा नहीं की गई है। ग्राहकों से मनमानी दाम वसूलने की शिकायतें आम हो गई हैं। बिना रेट लिस्ट के शराब बेचना सीधे तौर पर आबकारी नियमों का उल्लंघन है। साथ ही शराब दुकान के ठीक बगल और सामने मांस-मछली की दुकानें सजाई जा रही हैं। इसके चलते वहां गंदगी का अंबार लगा रहता है और आने-जाने वाले राहगीरों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ खुलेआम हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि दुकान के सामने खुलेआम मांस की बिक्री और गांव-गांव शराब की अवैध सप्लाई से सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है।
