भिंड : नगर परिषद दबोह क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं को लेकर अब आम नागरिकों ने शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की माँग तेज कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में जब भी कोई आपराधिक घटना होती है, तो उसका समय रहते पता नहीं चल पाता, जिससे अपराधी आसानी से बच निकलते हैं। कई मामलों में जानकारी तब मिलती है, जब काफी देर हो चुकी होती है।
नागरिकों का मानना है कि नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा और असामाजिक तत्वों में भय बना रहेगा। इससे न सिर्फ घटनाओं का खुलासा करने में मदद मिलेगी, बल्कि आम लोगों को भी सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।
इन सार्वजनिक स्थलों पर कैमरे लगाए जाने की माँग
स्थानीय लोगों ने नगर के मुख्य बाजार, कोंच तिराहा, झंडा चौक, कन्याशाला वाली रोड, पुलिस थाना, मंडी के सामने, नगर परिषद कार्यालय के सामने, आवास गृह, गणेश चौक, बस स्टैंड, बकरीदन मार्केट, हायर सेकेंडरी स्कूल के पास, सरकारी अस्पताल रोड, डीपीएस कॉलेज के समीप, पेट्रोल पंप , बालक छात्रावास और दूध डेयरी के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
दबोह नगर के वार्ड पार्षद लालता प्रसाद कुशवाह, दिनेश कौरव, नारायण सिंह, मेहताब दोहरे सहित अन्य व्यापारियों व स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि नगर परिषद समय रहते इस दिशा में कदम उठाती है, तो शहर की कानून-व्यवस्था मजबूत होगी और अपराधियों पर निगरानी रखी जा सकेगी। नागरिकों ने प्रशासन से जल्द निर्णय लेकर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।
