
बैतूल। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध कल देर शाम प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंकने की कोशिश की गई, जिसे लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
मशाल जुलूस जय स्तंभ चौक (लल्ली चौक) कोठी बाजार से शुरू हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मशाल लेकर नारेबाजी करते हुए बस स्टैंड होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला छीनने की कोशिश की, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और छीना-झपटी शुरू हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का उपयोग किया। पानी की तेज बौछार से पुतले की आग बुझा दी गई। इस दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ता भी भीग गए, लेकिन प्रदर्शन जारी रहा। बाद में कार्यकर्ता वापस लल्ली चौक पहुंचे, जहां सभा आयोजित कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
सभा में कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। नेताओं ने मांग की कि परीक्षा में शामिल छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाए और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से छात्रों और अभिभावकों में चिंता का माहौल बना है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
