
रतलाम/नामली। नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत फोरलेन हाईवे पर गुरुवार रात हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शुक्रवार सुबह शव को एम्बुलेंस में रखकर बड़ौदा फंटे पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार ग्राम बड़ौदा निवासी कन्हैयालाल (27) पिता बसंतीलाल और सुखराम (25) पिता भगवानलाल गुरुवार रात करीब 9 बजे मोटरसाइकिल से नामली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बड़ौदा फंटे के पास तेज रफ्तार बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कन्हैयालाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुखराम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अहमदाबाद रेफर कर दिया गया।
घटना से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने शुक्रवार सुबह मृतक के शव को एम्बुलेंस में रखकर फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि बड़ौदा फंटे पर लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन यहां न तो स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और घायल युवक के इलाज की समुचित व्यवस्था की मांग की।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही ग्रामीण एसडीएम विवेक सोनकर और एसडीओपी किशोर पाटनवाला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाइश दी तथा मुआवजा दिलाने और फोरलेन पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब एक घंटे से जारी जाम समाप्त कराया गया।
