
भोपाल। कोहेफिजा थाना इलाके में करीब एक सप्ताह पहले पकडाए 500-500 रुपए के नकली नोट के जखीरे के मामले में पुलिस की जांच जारी है. पुलिस रिमांड पर आए आरोपी ने पूछताछ के दौरान चौकाने वाले खुलासे किए हैं. बीएसएफ से बर्खास्त आरोपी का भाई के मामले में लिप्त होने की जानकारी सामने आई है. भारतीय रुपए के 500-500 के नकली नोट कम कीमत में लोगों को देने का काम किया जा रहा था.
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपी सैफुल इस्लाम को कम दाम में 500-500 रुपए के नकली नोट के साथ गिरफ्तार किया था. मामले की गंभीरता से जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी से कड़ी पूछताछ की. आरोपी सैफुल ने इस मामले में अपने भाई शरीफ उल इस्लाम का नाम लिया है. सैफुल का भाई शरीफ इस मामले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है. आरोप है कि शरीफ बीएसएफ में नौकरी करते हुए भारत-बांग्लादेश के बार्डर पर तैनात था. शरीफ पर दोनों देशों के बीज जानकारियां लीक होने का भी आरोप है. इसके चलते उसे नौकरी से पहले ही बर्खास्त किया जा चुका है. पुलिस नकली नोटों के मामले में आतंकी कनेक्शन की भी जांच कर रही है. मामले में पुलिस को नकली नोट के तार बांग्लादेश और पाकिस्तान से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है.
