
रीवा। जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदुआ में बीते दिनों घटित हुए रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है. थाना प्रभारी शैल यादव ने अपनी टीम के साथ सक्रियता दिखाते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है. थाना प्रभारी शैल यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम हरदुआ में बीते दिनों रात्रि करीब 10:00 बजे पारिवारिक विवाद के चलते धर्मेंद्र कोल उम्र 26 वर्ष पिता रामनरेश कोल ने अपने सगे छोटे भाई जितेंद्र कोल उम्र 22 वर्ष पर जानलेवा हमला कर दिया. आरोपी धर्मेंद्र ने सब्जी काटने वाले चाकू से जितेंद्र की आंख पर जोरदार वार किया. अस्पताल लेकर जाने पर डाक्टरो ने मृत घोषित कर दिया था. आरोपी को गिरफ्तार करने के लिये अलग-अलग टीम बनाई गई थी. आरोपी धर्मेन्द्र कोल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया.
