
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित टैलेंट हंट प्रोग्राम के तहत अंतिम चरण के इंटरव्यू के दूसरे दिन मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में युवाओं की राजनीतिक समझ, अभिव्यक्ति क्षमता और संवाद कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी के लिए युवा प्रवक्ताओं, रिसर्च कोऑर्डिनेटरों और पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटरों की पहचान करना है।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने चयनित प्रतिभागियों से सीधा संवाद किया और उनकी राजनीतिक समझ, मीडिया कौशल तथा जनसंचार क्षमता का आकलन किया। इंटरव्यू प्रक्रिया में प्रदेशभर से चुने गए युवाओं ने भाग लिया, जिससे कांग्रेस की संगठनात्मक और जनसंपर्क क्षमता को मजबूत करने की कोशिश स्पष्ट दिखाई दी।
चयन प्रक्रिया के दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप यादव, अनिल यादव, कोऑर्डिनेटर अर्चित सिंह, वरिष्ठ पत्रकार एल.एन. शीतल तथा अर्श खान मौजूद रहे।
पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रतिभागियों में वैचारिक स्पष्टता, राजनीतिक जागरूकता और प्रभावी संवाद क्षमता देखने को मिली। युवाओं का उत्साह इस बात का संकेत है कि नई पीढ़ी केवल राजनीति को देखने तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि अपने विचारों और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से उसे नई दिशा देने के लिए तैयार है।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं को अवसर देने और नए नेतृत्व को आगे लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि “टैलेंट हंट प्रोग्राम” संगठन और जनसंवाद की मुख्यधारा से युवा प्रतिभाओं को जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनेगा।
कांग्रेस ने बताया कि राज्य एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता, कोऑर्डिनेटर तथा पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर पदों के लिए चयनित प्रतिभागियों की अंतिम सूची इस माह के अंत तक घोषित की जाएगी।
