
भोपाल। कजलीखेड़ा थाना पुलिस ने बुधवार को अवैध कच्ची शराब के कारोबार में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बिक्री से पहले ही 75 पन्नी कच्ची शराब जब्त की है.
कजलीखेड़ा थाना पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम गोल तालाब के पास दो प्लास्टिक की बोरियों में अवैध कच्ची शराब रखकर बेचने की फिराक में खड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को पकड़ा. पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शैतान सिंह (45) निवासी ग्राम गोल का बताया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद दोनों बोरियों की तलाशी लेने पर उनमें भारी मात्रा में हाथ से बनी अवैध कच्ची शराब भरी पन्नियां जब्त की. आरोपी के पास से कुल 75 पन्नियों में लगभग 55 लीटर 500 एमएल हाथ से बनी कच्ची शराब पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5700 रुपये आंकी गई. मौके पर शराब के नमूने लेकर उन्हें मार्क से सीलबंद किया गया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने उक्त कच्ची शराब झिरी क्षेत्र में बेतवा नदी किनारे टीन के पीपे एवं पाइप की सहायता से तैयार की थी. इसे बेचने के लिए वह लेकर आया था. अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों के संबंध में आरोपी से पुलिस की पूछताछ जारी है.
