नयी दिल्ली, 13 मई (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि केरल में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कल ( गुरूवार) को कर दिया जायेगा।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने संवाददाताओं से बुधवार शाम को कहा कि केरल कांग्रेस विधायक दल के सदस्यों के अधिकृत किए जाने के बाद कांग्रेस आलाकमान ने सभी आवश्यक चर्चाएं पूरी कर ली हैं और राज्य के लिए नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कल कर दी जायेगी।
इससे पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर हुई अहम बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई शीर्ष नेता शामिल हुए। करीब एक घंटे तक चली इस बैठक में केरल कांग्रेस विधायक दल की राय पर संभावित नामों पर चर्चा की गई।
सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से कांग्रेस नेतृत्व लगातार प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और अन्य सहयोगी दलों के नेताओं के साथ मुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन कर रहा था।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने 140 सदस्यीय विधानसभा में 102 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया है।
