
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने आज कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस वर्ष कुल 85.20 प्रतिशत विद्यार्थी परीक्षा में सफल हुए हैं, जो पिछले साल की तुलना में 3.19 प्रतिशत कम है। परिणामों में गिरावट ने शिक्षा विशेषज्ञों और अभिभावकों का ध्यान खींचा है। बोर्ड के अनुसार 17,80,365 छात्रों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिनमें से 17,68,968 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 15,07,109 छात्र-छात्राएं सफल घोषित किए गए। पिछले वर्ष पास प्रतिशत 88.39 रहा था।
इस बार भी छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन किया। लड़कियों का रिजल्ट लड़कों की तुलना में 6.73 प्रतिशत अधिक दर्ज किया गया। क्षेत्रवार प्रदर्शन में त्रिवेंद्रम सबसे आगे रहा, जहां 95.62 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए, जबकि प्रयागराज सबसे पीछे रहा और वहां का परिणाम 72.43 प्रतिशत रहा। विद्यार्थी अपना रिजल्ट सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in, cbse.gov.in, डिजिलॉकर और उमंग ऐप पर देख सकते हैं। Marksheet डाउनलोड करने के लिए रोल नंबर, स्कूल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी की आवश्यकता होगी।
