इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र में नशे के जाल को तोड़ने के लिए पुलिस ने सक्रियता दिखाई है. कल हॉस्टल से छात्रों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने ड्रग सप्लाई चेन पर प्रहार करते हुए मुख्य पैडलर को सवा लाख रुपए के गांजे के साथ गिरफ्तार किया है.कार्यवाही का सिलसिला सोमवार, 11 मई को शुरू हुआ, जब भंवरकुआं पुलिस ने डीएवीवी कैंपस के हॉस्टल में मादक पदार्थ का सेवन करते हुए 4 छात्रों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सुनील कुमार मेहता ने नशे की सप्लाई चेन को ट्रैक करने और मुख्य सप्लायर तक पहुँचने के सख्त निर्देश दिए थेडीसीपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम जब क्षेत्र में सर्चिंग कर रही थी, तभी मंगलवार को एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा. तलाशी लेने पर आरोपी कुलदीप पिता मनोहर तंवर निवासी न्यू कमलनगर, राऊ के कब्जे से 1 किलो 206 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 1,15,000/- रुपये बताई जा रही है.
पुलिस ने आरोपी कुलदीप के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र के हॉस्टलों और छात्रों के बीच नशा सप्लाई करने का काम करता था.पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशा कहाँ से लाता था और इस नेटवर्क में अन्य कौन से पैडलर शामिल हैं.
