ग्वालियर: गिरवाई थाना क्षेत्र स्थित एबी रोड के प्रिंस होटल में रात में एक बड़ा हादसा हो गया। परिवार के साथ डिनर और पूल पार्टी करने गए 7 वर्षीय मासूम वेद पाल की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। घटना रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच की है। परिजन ने रात करीब 1 बजे बच्चे के शव को दफना दिया था, लेकिन मामला पुलिस तक पहुंच गया।
मासूम के पिता और चाचा गिरवाई थाने पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने होटल प्रबंधन की जिम्मेदारी और लापरवाही तय करने के लिए शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की है। अब पुलिस आज बुधवार को लक्ष्मीगंज मुक्तिधाम से बच्चे का शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराएगी। ग्वालियर में यह संभवतः पहला मामला है जिसमें दफनाए गए बच्चे के शव को निकालकर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
