शराब के नशे में खूनी विवाद, बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला

सिंगरौली। जिले के लंघाडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत जालपानी गांव में मंगलवार को शराब के नशे में पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ा कि पुत्र ने अपने ही पिता पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार जालपानी निवासी शुभकरण पनिका और उनके पुत्र सुरेश पनिका के बीच मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया। इसी दौरान सुरेश पनिका ने आवेश में आकर अपने पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे शुभकरण पनिका के गुप्तांग में गंभीर चोट आई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

इधर घटना की जानकारी मिलते ही लंघाडोल पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला शराब के नशे में हुए घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में शराब के कारण पारिवारिक विवाद और हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता है।

Next Post

प्रधान आरक्षक पर प्राण घातक हमला करने वाला पुलिसकर्मी पुत्र सहित गिरफ्तार

Tue May 12 , 2026
रीवा। शहर के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन कॉलोनी में प्रधान आरक्षक के ऊपर प्राण घातक हमला करने वाले पुलिसकर्मी सहित उसके पुत्र और एक साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है. जिन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है. बता दें एक दिन पूर्व ही […]

You May Like