सिंगरौली: शासकीय राजनारायण स्मृति महाविद्यालय बैढ़न के चर्चित प्राचार्य डॉ. एमयू सिद्धिकी को सोमवार शाम को शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद जिला कटनी के लिए क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा रीवा संभाग डॉ. महेन्द्र मणि द्विवेदी ने एकतरफा कार्यमुक्त कर दिया। हालांकि प्राचार्य अचानक अवकाश पर चले गये हैं। अब कलेक्टर के पाले में गेंद है।
गौरतलब है कि शासकीय डिग्री कॉलेज बैढ़न के प्राचार्य डॉ. एमयू सिद्धिकी का तबादला बहोरीबंद कॉलेज के लिए हुआ था। जहां वे उच्च न्यायालय का शरण लिये हुये थे। उच्च न्यायालय के द्वारा उच्च शिक्षा विभाग को तीन सप्ताह के भीतर प्राचार्य के अभ्यावेदन पर निर्णय लेने के लिए निर्देशित किया गया। अंतत: उच्च शिक्षा विभाग ने प्राचार्य का अभ्यावेदन खारिज कर बैढ़न से बहोरीबंद स्थानांतरण को बरकरार रखा।
हालांकि यह आदेश 30 अप्रैल को उच्च शिक्षा विभाग के द्वारा जारी किया था। परंतु आरोप है कि प्राचार्य उक्त आदेश को दबाकर बैठे थे। अंतत: सोमवार को क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा रीवा संभाग ने प्राचार्य एमयू सिद्धिकी को कार्यमुक्त करते हुये महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक को कार्यभार सौपने के लिए निर्देशित किया है। इधर चर्चा है कि प्राचार्य अचानक अवकाश पर चले गये हैं। फिलहाल कलेक्टर के ऊपर निर्भर है कि प्राचार्य को बहोरीबंद महाविद्यालय जाने के लिए हरी झण्डी देते हैं कि नही, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।
