27% ओबीसी आरक्षण बहाल हो और रुकी नियुक्तियां शुरू की जाएं: पटवारी

भोपाल। मध्यप्रदेश में विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं में 13 प्रतिशत आरक्षण से जुड़े पदों को होल्ड रखने के विरोध में आंदोलन कर रहे ओबीसी अभ्यर्थियों को रविवार को कांग्रेस का समर्थन मिला। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल स्थित आंबेडकर पार्क पहुंचकर आंदोलनरत युवाओं से मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन किया।

प्रदेशभर से आए अभ्यर्थी “13 प्रतिशत होल्ड अभ्यर्थी संघ” के बैनर तले शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती तथा मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की भर्तियों में रोके गए पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रियाएं अधर में लटकी हुई हैं, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

गौरतलब है कि राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का मामला फिलहाल न्यायालय में लंबित है। इसी कारण सरकार ने कई भर्ती प्रक्रियाओं में 13 प्रतिशत पदों को होल्ड कर रखा है। इसका असर वर्ष 2018, 2020 और 2023 की विभिन्न परीक्षाओं एवं नियुक्तियों पर पड़ा है।

धरना स्थल पर संबोधित करते हुए पटवारी ने भाजपा सरकार पर सामाजिक न्याय और आरक्षण की भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था, लेकिन वर्तमान सरकार उसे प्रभावी ढंग से लागू नहीं कर सकी।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अदालत में मामले की गंभीरता से पैरवी नहीं की और बार-बार वकीलों के पैनल बदलने से स्थिति और जटिल हो गई। पटवारी ने आरक्षण कानून को लेकर मुख्यमंत्री की हालिया टिप्पणियों की भी आलोचना करते हुए उन्हें संविधान और ओबीसी समाज का अपमान बताया।

उन्होंने मांग की कि ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ तत्काल बहाल किया जाए और होल्ड पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं।

Next Post

मो में हुआ देश में सर्वाधिक 10 लाख से अधिक किसानों से गेहूँ उपार्जन

Sun May 10 , 2026
भोपाल। देश में गेहूँ उपार्जन के मामले में मध्यप्रदेश अब लगातार आगे बढ़ रहा है। इस वर्ष पंजाब के बाद सर्वाधिक गेहूँ उपार्जन मध्यप्रदेश में होने जा रहा है। मध्यप्रदेश में अब तक 10 लाख से अधिक किसानों से 63 लाख मीट्रिक टन से अधिक गेहूँ का उपार्जन किया जा […]

You May Like