नीमच: देश के अमर वीर शहीदों के आत्म-बलिदान को नमन कर कृतज्ञता प्रकट करना तथा उनके परिजनों को सर्वोपरि सम्मान देना, प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है, क्योंकि वीरों के बलिदान में परिवार का अति महत्वपूर्ण योगदान होता है । हमारी आने वाली युवा पीढ़ी को अपने देश के वीरों की शहादत के प्रति गौरव की अनुभुति होनी चाहिए । स्मरण रहे कि कर्तव्य की बलि वेदी पर अपने प्राणों को सर्वस्व न्यौछावर करने वाले क्रमश: हरदा जिले के ग्राम शाल्याखेडी एवं खरगौन जिले के ग्राम बघाड़ी निवासी सीआरपीएफ के अमर वीर बलिदानी सिपाही इलाप सिंह पटेल तथा सिपाही संतोष चौहान ने वर्ष 2010 में 168 बटालियन में तैनाती के दौरान आज ही के दिन 08/05/2010 में आंतकियों से डटकर मुकाबला करते हुए माँ भारती की सेवा में अपने प्राणों को आहुति दी थी ।
इसी कडी में ग्रुप केन्द्र, सीआरपीएफ, नीमच द्वारा अप्रतिम पहल करते हुए उन शहीदों की पुण्य तिथि पर उनके स्मरण तथा शहादत को नमन करने हेतु दिनांक 08/05/2026 दिन शुक्रवार को ग्रुप केन्द्र, सीआरपीएफ, नीमच के श्री सुभाष यादव, सहायक कमाण्डेंट तथा श्री रोहतास कुमार, सहायक कमाण्डेंट ने वीर बलिदानी के गृह निवास पहुँचकर शहीद के सम्मान में उनके गृह निवास पर कार्यक्रम का आयोजन किया । इस मौके पर स्थानीय नेता, सिविल पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक तथा परिजनों की सादर उपस्थिति में, सीआरपीएफ की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित कर दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना करते हुये उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की गई ।
सीआरपीएफ द्वारा वीर बलिदानी के परिजनों को आश्वासित किया गया कि वे सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न हिस्सा है और साथ ही उन्हे यह भी भरोसा दिलाया गया कि उनके हरेक सुख-दुख में सीआरपीएफ सदैव उनके साथ खड़ी है और सीआरपीएफ इन वीर बलिदानियों के परिवाजनों के हर संभव सहयोग / सहायता के लिए हमेशा तत्पर है । शहीद के परिजनों के प्रति अपनत्व एवं कृतज्ञता प्रकट करना एवं उन्हें खुशहाल देखना ही सही मायने में शहीदों के प्रति सम्मान है । इनकी शहादत देश के लिए प्रेरणास्त्रोत है और उनका जज्बा आज के युवाओं में देश के लिए कुछ कर गुजरने की भावना पैदा करता है । इस अवसर पर सीआरपीएफ के अधिकारियों के साथ ग्राम शाल्याखेडी एवं ग्राम गोलबारी के गणमान्य नागरिक एवं भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे
