सीधी:शहर से लगे पनवार हवाई पट्टी मार्ग पर लगा साइन बोर्ड इन दिनों हादसे को आमंत्रण दे रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज आंधी-तूफान अथवा किसी भारी वाहन की टक्कर के कारण बोर्ड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर झुक गया है, जिससे वह कभी भी नीचे गिर सकता है। सड़क किनारे लगे इस बड़े बोर्ड की हालत काफी जर्जर हो चुकी है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीरों और वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में यदि बोर्ड अचानक गिरता है तो बड़ा हादसा हो सकता है।
सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि क्षतिग्रस्त साइन बोर्ड के ठीक बगल में यादव परिवार का मकान स्थित है। परिवार के लोगों ने डर जताया है कि किसी भी समय यह बोर्ड घर के ऊपर गिर सकता है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई दिनों से बोर्ड क्षतिग्रस्त स्थिति में है, लेकिन अब तक मरम्मत या हटाने की पहल नहीं की गई। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई कर बोर्ड को सुरक्षित कराने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
