कचरे में लगी आग से सुलग रहे ट्रांसफार्मर

सीहोर। शहर में बिजली के ट्रांसफार्मरों और खंभों के आसपास बढ़ता अतिक्रमण तथा कचरे के ढेर अब बड़े खतरे का कारण बनते जा रहे हैं. शनिवार को इंदौर नाका क्षेत्र में कचरे के ढेर में लगी भीषण आग ने विद्युत वितरण कंपनी की मुख्य केबल को अपनी चपेट में ले लिया.आग की लपटों से केबल पूरी तरह जल गई, जिसके चलते एहतियातन टाउन फीडर की बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी. इससे कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही.

इसी दिन सुबह बड़े बाजार क्षेत्र में भी डीपी के नीचे जमा कचरे में आग लग गई थी. यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना बताई जा रही है. आग लगने के कारण वहां भी बिजली सप्लाई प्रभावित हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।.

विद्युत वितरण कंपनी के एई अतुलेश सिंह ने बताया कि इंदौर नाका के पास बिजली के खंभों के नीचे बड़ी मात्रा में कचरा जमा था. अज्ञात कारणों से उसमें आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. आग की गर्मी से मुख्य विद्युत केबल जलकर क्षतिग्रस्त हो गई. इससे विभाग को आर्थिक नुकसान भी हुआ और मरम्मत कार्य के लिए काफी देर तक टाउन फीडर की लाइन बंद रखनी पड़ी.

घटना की सूचना मिलते ही बिजली कंपनी की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू किया गया. अधिकारियों के अनुसार समय रहते बिजली सप्लाई बंद कर दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया. यदि करंट चालू रहता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी.

शहरवासियों का कहना है कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मरों और डीपी के आसपास अवैध अतिक्रमण होने से नियमित सफाई नहीं हो पाती. इसके कारण वहां लगातार कचरा जमा होता रहता है और गर्मी में सूखी गंदगी आग पकड़ लेती है. आए दिन हो रही ऐसी घटनाएं विद्युत कंपनी की लापरवाही और नागरिकों की असावधानी को बयां कर रही हैं.

 

 

Next Post

कॉलेज चलो अभियान के तहत स्कूलो मे दी गई जानकारी

Sun May 10 , 2026
सागर। कॉलेज चलो अभियान” के द्वितीय चरण के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य अग्रणी महाविद्यालय के प्राध्यापकों की टीम शासकीय उच्चतर विद्यालय पुरानी सदर, शासकीय हुलासीराम विद्यालय तथा शासकीय एमएलबी क्रमांक – 2 , डी एन सी बी शासकीय विद्यालय में पहुंचकर वहां के शिक्षकों से संपर्क […]

You May Like