गिरावट से उबरे शेयर बाजार, सेंसेक्स 319 अंक उछला

गिरावट से उबरे शेयर बाजार, सेंसेक्स 319 अंक उछला

मुंबई, 10 नवंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजार सोमवार को तीन दिन की गिरावट से उबरने में कामयाब रहे और बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 319.07 अंक (0.38 प्रतिशत) की बढ़त के साथ 83,535.35 अंक पर बंद हुआ।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 82.05 अंक यानी 0.32 फीसदी ऊपर 25,574.35 अंक पर पहुंच गया।

वैश्विक बाजारों में बढ़त के कारण घरेलू बाजारों में भी निवेश धारणा को मजबूती मिली। आईटी और फार्मा सेक्टरों में सबसे अधिक तेजी देखी गयी।

मझौली और छोटी कंपनियों के शेयरों में भी निवेशकों ने विश्वास दिखाया। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.39 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.40 प्रतिशत की बढ़त में रहा।

एनएसई में जिन 3,233 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें 1,637 के शेयर लाल निशान में और 1,502 के हरे निशान में रहे। अन्य 94 कंपनियों के शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

आईटी और फार्मा के साथ धातु, ऑटो और टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद समूहों के शेयरों में भी तेजी रही। रियलिटी, सार्वजनिक बैंक और एफएमसीजी समूहों की कंपनियों में बिकवाली का जोर रहा।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 18 के शेयर हरे निशान में रहे। इंफोसिस में सबसे अधिक 2.52 प्रतिशत की तेजी रही। एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 1.88 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस का 1.76, एशियन पेंट्स का 1.28, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का 1.20, टीसीएस का 1.12 और भारती एयरटेल का 1.00 प्रतिशत चढ़ा। एलएंडटी, टाइटन, बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी, बीईएल और आईटीसी के शेयर भी बढ़त में रहे।

ट्रेंट में सबसे अधिक 7.41 फीसदी की गिरावट रही। इटरनल का शेयर 1.49 प्रतिशत, पावर ग्रिड का 1.36, अल्ट्रटेक सीमेंट का 0.85, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 0.77 और एक्सिस बैंक का 0.51 प्रतिशत टूट गया। भारतीय स्टेट बैंक, अडानी पोर्ट्स और हिंदुस्तान यूनीलिवर के शेयर भी लाल निशान में बंद हुए।

एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 1.26 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 1.55 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.53 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।

यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.75 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.99 प्रतिशत की बढ़त में था।

Next Post

एयरटेल पेमेंट्स बैंक को दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड 804 करोड़ का राजस्व

Mon Nov 10 , 2025
नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने 30 सितंबर को समाप्त दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड 804 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया है जो एक साल पहले की तुलना में 19.4 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने जारी तिमाही परिणामों में बताया कि उसका परिचालन लाभ सालाना आधार पर 17.4 […]

You May Like