नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने 30 सितंबर को समाप्त दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड 804 करोड़ रुपये का राजस्व कमाया है जो एक साल पहले की तुलना में 19.4 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने जारी तिमाही परिणामों में बताया कि उसका परिचालन लाभ सालाना आधार पर 17.4 प्रतिशत बढ़कर 89.3 करोड़ रुपये और शुद्ध लाभ 11.8 करोड़ रुपये रहा। बैंक का ग्रॉस मर्चेंडाई वैल्यू (जीएमवी) बढ़कर 4,560 अरब रुपये हो गई।
ग्राहकों की संख्या के मामले में देश के तीसरे सबसे बड़ा मोबाइल बैंक एयरटेल पेमेंट्स बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुब्रत बिस्वास ने कहा, ”हमारे निरंतर विकास से हमारे डिजिटल-फर्स्ट मॉडल की शक्ति और हमारे ऊपर ग्राहकों का गहरा विश्वास प्रदर्शित होता है। सेफ सैकंड एकाउंट हमारे विकास में मुख्य भूमिका निभा रहा है। यह ग्राहकों को अपने दैनिक डिजिटल लेन-देन आसानी और आत्मविश्वास से करने में समर्थ बनाता है।”
एयरटेल पेमेंट्स बैंक ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह लगातार अपने ‘सेफ सैकंड एकाउंट’ के प्रस्ताव पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, जिसके अंतर्गत बैंक ने दैनिक डिजिटल भुगतान के लिए सुरक्षित, आसान और खास पेशकश का प्रचार करने के लिए अपना पहला 360-डिग्री ब्रांड कैम्पेन लॉन्च किया है।
इस कैम्पेन के लिए शानदार प्रतिक्रिया मिली है और डिजिटल एकाउंट खुलवाने में जबरदस्त तेजी आयी है। इससे ग्राहकों की दैनिक बैंकिंग जरूरतों को पूरा करने के लिए एक भरोसेमंद पार्टनर के रूप में बैंक की मजबूत स्थिति का पता चलता है। बैंक के पास औसत कस्टमर बैलेंस इस तिमाही में 35 प्रतिशत की साल-दर-साल वृद्धि के साथ बढ़कर 3,987 करोड़ रुपये हो गया।

