जबलपुर: कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने जिला उपार्जन समिति की शनिवार को आयोजित बैठक में किसानों से समर्थन मूल् य पर खरीदे गये गेहूं के परिवहन और भंडारण में गति लाने के निर्देश दिये हैं। श्री सिंह ने बैठक में उपार्जन केन्द्रवार गेहूं की खरीदी, परिहवन और भंडारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभी तक गोदामों में भंडारित गेहूं के स्वीकृति पत्रक जारी करने की हिदायत भी दी, ताकि किसानों को समय पर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जा सके।
कलेक्टर सिंह ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से कहा कि खरीदी केन्द्र परिसर में खुले में रखे उपार्जित गेहूं के परिवहन और भंडारण को प्राथमिकता दें। उन्होंने खरीदी केन्द्रों का नियमित भ्रमण करने निर्देश देते हुए अधिकारियों से कहा कि जहां भी उपार्जन में अनियमितता या लापरवाही पाये जाये उस पर तुरंत कार्यवाही करें। श्री सिंह ने कहा कि खरीदी व्यवस्था का बिचौलियों या व्यापारियों द्वारा अनुचित लाभ उठाने की कोशिशों पर सख्ती से लगाम लगाई जाये और जहां कहीं से भी ऐसी शिकायतें मिले तत्काल एक्शन लें। बैठक में नोडल अधिकारी उपार्जन संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन, प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक सीमा बोरसिया तथा उपार्जन समिति के सभी सदस् य मौजूद थे।
गेहूं खरीदी केंद्रों का लिया जायजा
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने सिहोरा विकासखंड के घाट सिमरिया और गौरहा स्थित गेहूं खरीदी केंद्रों का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गेहूं की गुणवत्ता जांचने के लिए मॉइश्चर माप की प्रक्रिया देखी और तौल कांटों का भौतिक सत्यापन कराया। कलेक्टर श्री सिंह ने केंद्र पर बारदाने की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था और सुरक्षा हेतु लगे सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन करने के साथ ही स्टॉक वेरिफिकेशन के भी निर्देश दिए।
