भ्रमित ना हो, सही तथ्य जान लें, अफवाहों पर ध्यान ना देंः संभागायुक्त

पीथमपुर में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के साथ किया संवाद

इंदौर:संभागायुक्त दीपक सिंह ने आज पीथमपुर नगर पालिका के सभागार में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रबुद्ध नागरिकों से रामकी प्लांट में यूनियन कार्बाइड के कचरे के डिस्पोजेबल के संबंध में उठ रही भ्रांतियों पर चर्चा की. इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के वीडियो संदेश को भी प्रदर्शित किया गया.संभागायुक्त ने कहा कि पीथमपुर मध्यप्रदेश ही नहीं, देश का प्रमुख औद्योगिक केंद्र है. यहां की प्रगति के लिए शांति व्यवस्था अहम हैं.

उन्होंने सभी से आग्रह किया कि यूनियन कार्बाइड के कचरे के डिस्पोजेबल के संबंध में भ्रमित ना हो, पहले सही तथ्य जान लें, अफवाहों पर ध्यान नहीं दिया जाए. साथ ही इस पर लगाम भी लगाई जाए. मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट कहना है कि सरकार जनकल्याण, जनहित और जनभावना का आदर करती है. न्यायालय के समक्ष यह विषय लाया जाएगा और न्यायालय के आदेश के परिपालन में ही आगे की कार्रवाई की जाएगी. न्यायालय के निर्देश के परिपालन में यूनियन कार्बाइड का कचरा पीथमपुर पहुंचाने का कार्य किया गया है. सुरक्षा के मापदंड पर किसी भी बात का खतरा और डर का भाव जनता के बीच आया तो सरकार के माध्यम से यह विषय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

शासन को अवगत कराएंगे
संभागायुक्त ने संवाद के दौरान सभी की बातों को ध्यानपूर्वक सुना. उन्होंने कहा कि आज हमने आईजी श्री अनुराग, डीआईजी निमिष अग्रवाल, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह के साथ नगर का भ्रमण किया. जनजीवन पूर्णतः सामान्य है. हमने रामकी प्लांट भी जाकर देखा है. वहां पर यथास्थिति बनी हुई हैं. बैठक में चर्चा के बिंदुओं को लिपिबद्ध किया गया है और इसके साथ ही आप लोगों द्वारा उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों से शासन को अवगत कराएंगे.

कानून व्यवस्था हाथ में न लें
बैठक में आईजी श्री अनुराग ने कहा कि कानून व्यवस्था को अपने हाथ में ना लें, आपकी सभी बातों से शासन को अवगत कराया जाएगा. कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि आप सभी जिम्मेदार हैं,अफवाहों का दौर न चले. इस बात का ध्यान रखें. रामकी प्लांट में यथास्थिति बरकरार है. इस बात को जन-जन तक पहुंचाए और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन के मददगार बनें. बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सेवंती पटेल भी मौजूद थीं.

Next Post

निगम की स्वच्छता को लेकर अनूठी पहल

Sun Jan 5 , 2025
सरवटे बस स्टैंड पर यात्रियों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक स्वच्छता अभियान और नो रेड स्पॉट पहल के तहत जागरूकता इंदौर: महापौर पुष्यमित्र भार्गव एवं आयुक्त शिवम वर्मा के निर्देशानुसार इंदौर नगर निगम द्वारा सरवटे बस स्टैंड परिसर में आज स्वच्छता अभियान के तहत एक विशेष डस्टबिन वितरण कार्यक्रम […]

You May Like