
नरसिंहपुर.जिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया. नेपाल से बेंगलुरु जा रही एक यात्री बस मुंगवानी थाना क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के समय बस में 80 से ज्यादा यात्री सवार थे. बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई. कई यात्री सीटों के बीच फंस गए, जबकि कुछ लोग खिड़कियों से बाहर निकलने की कोशिश करते नजर आए.
यह हादसा मुंगवानी के चौधरी पेट्रोल पंप के पास शनिवार सुबह करीब 4 बजे हुआ. स्थानीय लोगों ने सबसे पहले मौके पर पहुंचकर यात्रियों की मदद शुरू की. इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस टीम पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया. हादसे में एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं.
जानकारी के मुताबिक, यात्री बस क्रमांक एमपी 13 जेडके 0793 नेपाल से यात्रियों को लेकर बेंगलुरु जा रही थी. रातभर सफर करने के बाद बस जैसे ही नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी इलाके में पहुंची, अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया. देखते ही देखते बस सड़क किनारे पलट गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस काफी तेज रफ्तार में थी. हादसे के बाद यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया. कई लोग डर के कारण बस से बाहर निकलने के बाद रोने लगे. खासकर महिलाओं और बच्चों में दहशत का माहौल दिखाई दिया.
यात्रियों ने ड्राइवर पर लगाए गंभीर आरोप
इस बस हादसे के बाद कई यात्रियों ने चालक राहुल पर गंभीर आरोप लगाए हैं. यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर नशीले पदार्थ के प्रभाव में बस चला रहा था. कुछ यात्रियों ने दावा किया कि सफर के दौरान चालक की हालत सामान्य नहीं लग रही थी. घटना के बाद घायल चालक को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हादसे के समय चालक नशे में था या नहीं. अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो सकती है.
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में घायल हुए यात्रियों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायलों में प्रिय बहादुर, रविंद्र नाथ, लाम बहादुर, सागर परकशाही, संगीता, सुमन नेपाली, दीपक, अर्मिला और विमल सुदीप सिंह समेत कई अन्य लोग शामिल हैं. डॉक्टरों के अनुसार, ज्यादातर यात्रियों को सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं. कुछ लोगों को ज्यादा चोट लगने के कारण निगरानी में रखा गया है. अस्पताल में भर्ती बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
