जबलपुर: राज्य शासन द्वारा जारी उपार्जन नीति अनुसार जिले में किसानों से चना, मसूर का समर्थन मूल्य पर उपार्जन प्रारंभ हो गया है और अभी तक 58 किसानों से 1 हजार 329 क्विंटल चना की खरीदी भी हो चुकी है। किसानों से समर्थन मूल्य पर चना और मसूर का उपार्जन 28 मई तक किया जायेगा।उप संचालक कृषि यू के कटहरे के अनुसार किसानों की सुविधा को देखते हुए जिले में सहकारी विपणन संस्था मर्यादित जबलपुर, सेवा सहकारी संस्था गौरी, वृहताकार सेवा सहकारी संस्था सिहोरा, वृहताकार सेवा सहकारी संस्था पौंडा, सहकारी विपणन समिति शहपुरा एवं वृहताकार सेवा सहकारी संस्था बोरिया में उपार्जन केंद्र बनाये गये हैं।
किसानों को ई-उपार्जन पोर्टल पर स्लॉट बुकिंग की सुविधा प्रदान की गई है। स्लॉट बुक करने के बाद किसान अपनी सुविधा अनुसार नजदीकी उपार्जन केन्द्र पर अपनी उपज ले जा सकते हैं।उप संचालक कृषि ने बताया कि समर्थन मूल्य पर चना के विक्रय के लिये जिले में 3 हजार 318 किसानों ने तथा मसूर के विक्रय के लिये 368 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। इनमें से अभी तक 223 किसान स्लॉट बुक भी कर चुके हैं। उन्होंने किसानों से किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिये औसत अच्छी किस्म (एफएक्यू) की उपज ही उपार्जन केन्द्र लेकर आने का आग्रह किया है।
