एमएलबी मैदान पर आज शाम से सजेगा क्रिकेट का महासंग्राम, विधायक प्रीमियर लीग में उतरेंगी 165 टीमें

ग्वालियर: शहर में आज से क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहने वाला है। जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में आयोजित होने जा रही विधायक प्रीमियर लीग 2026 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ आज 8 मई से एम.एल.बी. कॉलेज मैदान पर होगा। यह प्रतियोगिता 8 जून तक चलेगी, जिसमें ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की 19 वार्डों से कुल 165 टीमें भाग लेंगी।

कांग्रेस विधायक एवं जन उत्थान न्यास के अध्यक्ष डॉ. सतीश सिकरवार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन आज शाम 6 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में महापौर डॉ. शोभा सिकरवार मुख्य अतिथि रहेंगी, जबकि म.प्र. यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्वालियर ग्रामीण के विधायक साहब सिंह गुर्जर करेंगे। आयोजकों के अनुसार उद्घाटन समारोह में टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी 165 टीमें मैदान पर मौजूद रहेंगी। प्रतियोगिता की शुरुआत टीम 18/एफ और 56/वाय के फ्रेंडली मैच से होगी।

टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार भी रखे गए हैं। विजेता टीम को 1 लाख रुपये, उपविजेता को 51 हजार रुपये तथा तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को मोटरसाइकिल प्रदान की जाएगी। सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और विकेटकीपर को 11-11 हजार रुपये का नगद पुरस्कार मिलेगा। प्रत्येक मैच के “मैन ऑफ द मैच” खिलाड़ी को 1100 रुपये दिए जाएंगे।आयोजकों ने दर्शकों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। प्रतिदिन मैच के दौरान दर्शकों को कूपन वितरित किए जाएंगे और लक्की ड्रॉ के माध्यम से 100 दर्शकों को टी-शर्ट उपहार स्वरूप दी जाएंगी।

Next Post

दतिया में नवागत पुलिस अधीक्षक ने संभाला पदभार, कोतवाली का औचक मुआयना

Fri May 8 , 2026
दतिया:नवागत पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल ने पीतांबरा माई की पूजा अर्चना के बाद दतिया पुलिस अधीक्षक का पदभार ग्रहण किया। इसके बाद उन्होंने थाना कोतवाली का औचक भ्रमण किया।भ्रमण के दौरान उन्होंने रिकॉर्ड, संसाधनों, उपकरणों के रख रखाव, भवन एवं परिसर की साफ सफाई का जायजा लिया। थाना प्रभारी एवं […]

You May Like