
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले मे ऑनलाइन टूर पैकेज के नाम पर 9 लाख से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को मोतीनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी अजय पिता रमेश कुमार माखीजा,, निवासी सुभाषनगर वार्ड सागर, द्वारा थाना मोतीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह कपड़ों की दुकान संचालित करता है। 03 सितम्बर 2025 को अपने मित्रों के साथ वियतनाम घूमने जाने की योजना बनाते हुए उसने इंटरनेट पर टूर पैकेज की जानकारी ली, जहां उसे “लवफार माउट” नामक कंपनी की आईडी प्राप्त हुई।उक्त आईडी संचालित करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राकेश विष्ट बताकर फरियादी को भरोसे में लिया और टूर पैकेज उपलब्ध कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल ₹9,06,800/- की राशि प्राप्त कर ली। बाद में कोई सेवा प्रदान न करते हुए संपर्क बंद कर दिया, जिससे फरियादी के साथ धोखाधड़ी होना पाया गया।प्रकरण में प्रथम दृष्टया अपराध धारा 318(4) बीएनएस का पाए जाने पर थाना मोतीनगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। सघन पतारसी एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर आरोपी राकेश विष्ठ पिता उमेद सिंह विष्ठ, उम्र निवासी पालोली (नियर देवी मंदिर), खथपुरिया, क्योराली, थाना रानीखेत, जिला अल्मोड़ा (उत्तराखंड) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा धोखाधड़ी करना स्वीकार किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केन्द्रीय जेल सागर भेजा गया
