मप्र में उद्योग का केनवास तैयार, समय रंग भरने का, निमाड़ में होगा इन्वेस्टर समिट : सीएम डॉ यादव

बुरहानपुर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में उद्योगों के लिए नई भूमि और उसका केनवास तैयार हो चुका है, अब हम उद्योगपतियों के साथ मिलकर योजनाओं और नीतियों के सहारे रंग भरने का काम कर रहे है। इसमें नव उद्यमिता के लिए पर्याप्त नए अवसर पैदा किये जा रहे है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से देश की अर्थव्यवस्था सक्षमता के साथ बढ़ रही है। दक्षिण के द्वार के नाम से प्रसिद्ध बुरहानपुर, प्रदेश के विकास का द्वार है। बुरहानपुर में उद्यम और परिश्रम के संस्कार हैं, जिले के लोगों के हुनर बहुमुखी हैं। कृषि से लेकर उद्योगों तक सभी क्षेत्रों में बुरहानपुर में गतिशीलता का वातावरण है। बुरहानपुर के विकास को नई दिशा देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार बुरहानपुर की क्षमता-योग्यता को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने के लिए स्थानीय उद्योग जगत के साथ परस्पर विश्वास, सहयोग और साझेदारी के साथ आगे बढ़ेगी। बुरहानपुर के सुखपुरी को इंडस्ट्रियल बेल्ट के रूप में विकसित किया जाएगा, साथ ही औद्योगिक क्षेत्र रेहटा में नवीन मार्ग भी बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुरहानपुर के श्री परमानंदजी गोविंदजी वाला ऑडिटोरियम सभागृह में आयोजित उद्यमी संवाद को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ऑडिटोरियम में उद्यमियों के उत्पादों का अवलोकन किया तथा उनसे संवाद भी किया। कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस विशेष रूप से उपस्थित रहे।

व्यापारिक कल्याण बोर्ड के गठन से संभावनाओं को नया आयाम मिलेगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए 24×7 सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। हमारा मुख्य लक्ष्य तेजी से उद्योगों की स्थापना कर स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। इसी उद्देश्य से वर्ष 2025 को औद्योगिक वर्ष के रूप में समर्पित किया गया। शासन द्वारा प्रदेश में उद्योगों के विकास के लिए हर स्तर पर कार्य किया जा रहा है। मंत्रीपरिषद द्वारा कल ही प्रदेश में राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड (STWB) और जिला स्तरीय समितियों के गठन को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि जिला स्तर पर संचालित विकास गतिविधियों में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारियों के साथ ही जनसामान्य की भूमिका हो, यह सुनिश्चित करने के लिए विकास समितियां गठित की गई है। इन समितियों में उद्योग और उद्यमिता को प्रोत्साहन जैसे विषयों को भी शामिल किया जाएगा। हम चाहते है कि विश्व में सामग्री सप्लाई करने वाले उद्योगपति हमारे देश और प्रदेश के हो, इसी मंशा के साथ प्रदेश में औद्योगिक अधोसंरचना का केनवास तैयार किया जा रहा है।

पुराने कानून खत्म कर औद्योगिक विकास के नए नियम बनाये

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य शासन ने उद्योगों के विकास के लिए उद्योग मित्र नीतियां बनाई हैं। जो कानून निर्थक हो चुके थे, उन्हें खत्म कर नए नियम बनाकर उद्योगों के लिए नए रास्ते और अवसर तराशे गए हैं। तुवर दाल पर लगने वाले टैक्स को भी खत्म किया गया, अब आगे कपास को लेकर भी विचार किया जा रहा है। यह सब उद्यमियों से संवाद के बाद किया गया। आगे भी इस तरह से उद्योगों के हित में ही काम किया जाएगा। प्रदेश में पिछले वर्ष को उद्योग वर्ष उद्योग रोजगार वर्ष के रूप में मनाया गया। वर्तमान में कृषि कृषक कल्याण वर्ष के रूप में गतिविधियां जारी हैं। बुरहानपुर क्षेत्र में कृषि संबंधी गतिविधियों भी का भी पर्याप्त विस्तार है। केले और कपास के बिना बुरहानपुर की बात अधूरी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्थानीय समस्याओं पर सकारात्मक विचार रूप से विचार करते हुए उनका समाधान निकाला जाएगा। ताप्ती मैया की कृपा से बुरहानपुर उद्योग और कृषि के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करेगा।

भारत आर्थिक ताकत के रूप में विश्व में अपना स्थान बना रहा है

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कम समय और संसाधनों में जो श्रेष्ठ परिणाम दे वही सफल उद्यमी है। भारत का हर नगर, हर प्रांत उद्यमिता के माध्यम से भारतीय अर्थव्यवस्था और देश को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दे रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद इंडिया से भारत की ऊंची उड़ान भरने का समय आया है। भारत पुनः आर्थिक ताकत के रूप में विश्व में अपना स्थान बना रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में सरकार बनने के साथ ही जनधन खातों के माध्यम से हर व्यक्ति का हक सीधे उसके खाते में पहुंचाने का संकल्प लिया और उसे साकार भी किया। जिसके परिणामस्वरुप देश की अर्थव्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन आया। राज्य सरकार प्रधानमंत्री मोदी की भावना के अनुरूप बिचौलियों को दूर करते हुए प्रत्येक व्यक्ति और उद्यमी का हक सीधे उसके खाते में पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे अनुकूलता के वातावरण में सभी उद्यमियों के लिए विकास के पर्याप्त अवसर विद्यमान है। भारत की उद्यमिता, स्वावलंबिता, रोजगारपरक जीवन पद्धति फीनिक्स पक्षी के समान है। जैसे फीनिक्स पक्षी राख में से पुनः अस्तित्व में आने और ऊंची उड़ान भरने की क्षमता रखता है, वैसे ही भारत तमाम कठिनाइयों और संघर्षशील परिस्थितियों के बावजूद भी ऊंची उड़ान भरने में सक्षम रहता है। हमारी यह क्षमता, उद्यमियों के दम पर ही है।

निमाड़ उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाएगा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एमएसएमई उद्यमिता के क्षेत्र में बुरहानपुर की उपलब्धि वर्ष 2022-23 में 436.11 करोड़ की रही, जो लगभग दो वर्ष बाद ही वर्तमान में 802 करोड़ रूपए है। यह गति बुरहानपुर के उद्यमियों की क्षमता की परिचायक है। राज्य सरकार हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है। उद्यमिता गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार पूर्ण स्पष्ट और पारदर्शिता के साथ गतिविधियां संचालित कर रही है। बुरहानपुर के उद्यमी सम्मेलन में सहभागिता कर रहे उद्यमियों के विश्वास से यह स्पष्ट होता है कि निमाड़, उद्यमिता के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाएगा।

बुरहानपुर में पर्यटन, उद्योग और संस्कृति का अद्भुत समावेश

 

जल संसाधन व जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि बुरहानपुर जिला पर्यटन, उद्योग और संस्कृति का अद्भुत समावेश रखने वाला जिला है। प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विभिन्न कॉन्क्लेव में प्राप्त प्रस्तावों को धरातल पर उतारने का कार्य किया गया है। अब प्रदेश में कृषि वर्ष के तहत कृषिगत कार्याे के विकास का भी दौर प्रारम्भ हो गया है। कार्यक्रम के दौरान बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू ने भी संबोधित किया। उद्यमी संवाद में एमपीआईडीसी के प्रबंध संचालक चंद्रमौलि शुक्ला, इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, बुरहानपुर कलेक्टर हर्ष सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा उद्योगपति उपस्थित थे।

Next Post

बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल

Wed May 6 , 2026
सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास चौकी के कछरा गांव में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में […]

You May Like