वोट चोरी के आरोप पर गरमाई सियासत, राहुल गांधी का चुनाव आयोग और सरकार पर हमला

नयी दिल्ली, 06 मई (वार्ता) लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए “वोट चोरी” का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर प्रश्नचिन्ह खड़े किए। श्री राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि “वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार।” उन्होंने दावा किया कि लोकसभा में भाजपा के 240 सांसदों में से “लगभग हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोगों को क्या भाजपा की भाषा में “घुसपैठिया” कहा जाना चाहिए। हरियाणा का जिक्र करते हुए श्री राहुल गांधी ने कहा, “वहां तो पूरी सरकार ही ‘घुसपैठिया’ है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि जो संस्थाओं को अपने नियंत्रण में रखते हैं और मतदाता सूचियों व चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर करते हैं, वे खुद “रिमोट कंट्रोल” से संचालित हैं। श्री गांधी ने यह भी कहा कि निष्पक्ष चुनाव होने पर सत्ताधारी दल 140 सीटों के आसपास भी नहीं पहुंच पाएगा। इस बीच, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर भी सियासत तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत विपक्ष के कई बड़े नेताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। गौरतलब है कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्ष पुराने शासन का अंत कर दिया है। भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे हार की हताशा बताया है और कहा है कि चुनाव आयोग एक स्वतंत्र संस्था है, जिस पर इस तरह के आरोप लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करते हैं।

Next Post

वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम का राष्ट्रपति भवन में पारंपरिक स्वागत

Wed May 6 , 2026
नयी दिल्ली 06 मई (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को यहां राष्ट्रपति भवन प्रांगण में वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम का गर्मजोशी के साथ पारंपरिक स्वागत किया। श्री तो लाम मंगलवार को तीन दिन की भारत यात्रा पर आए थे। राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर श्रीमती […]

You May Like