शेयर बाजारों में शुरुआती तेजी, सेंसेक्स 650 अंक से ज्यादा उछला

मुंबई, 06 मई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ शांति वार्ता पर दिये गये बयान और एमएसएमई तथा विमान सेवा कंपनियों को ऋण गारंटी की केंद्र सरकार की घोषणा से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी रही। बीएसई का सेंसेक्स 406.57 अंक की बढ़त में 77,424.36 अंक पर खुला। कुछ ही देर में यह 657 अंक चढ़कर 77,675 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाते समय यह 283.09 अंक (0.37 प्रतिशत) ऊपर 77,300.88 अंक पर था।

श्री ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ शांति वार्ता में अच्छी प्रगति हुई है और अंतिम समझौता जल्द संभव होगा। घरेलू स्तर पर सरकार ने पश्चिम एशिया संकट से प्रभावित एमएसएमई कंपनियों और विमान सेवा कंपनियों के लिए क्रेडिट लाइन गारंटी की विशेष योजना को मंगलवार कोमंजूरी प्रदान की। इन दोनों कारणों से बाजार में तेजी रही। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 138.20 अंक की मजबूती के साथ 24,171 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 106.60 अंक यानी 0.44 प्रतिशत चढ़कर 24,139.40 अंक पर रहा।

बाजार में चौतरफा लिवाली है। एफएमसीजी को छोड़कर अन्य सभी सेक्टरों के सूचकांक हरे निशान में हैं। बैंकिंग, ऑटो, आईटी, वित्त और धातु सेक्टर इस बढ़त की अगुवाई कर रहे हैं। ऋण पर सरकार की गारंटी योजना से इंडिगो का शेयर सुबह के कारोबार में तीन प्रतिशत चढ़ चुका है। महिंद्रा एंड महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयर दो प्रतिशत से अधिक की तेजी में हैं।

ट्रेंट, बजाज फिनसर्व, टेक महिंद्रा, बीईएल, एक्सिस बैंक, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी और टीसीएस के शेयर भी एक फीसदी से अधिक मजबूत हैं। एलएंडटी का शेयर फिलहाल सवा तीन प्रतिशत से अधिक टूट चुका है। हिंदुस्तान यूनीलिवर, पावर ग्रिड और टाइटन में भी गिरावट देखी जा रही है।

 

 

.....

Next Post

अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर एयर इंडिया की उड़ानों में बड़ी कटौती: एयरस्पेस पाबंदी और जेट फ्यूल की कीमतों में भारी उछाल के कारण जुलाई तक प्रभावित रहेगा विदेशी हवाई सफर

Wed May 6 , 2026
मुंबई | टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया ने जुलाई तक अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या में बड़ी कटौती करने का निर्णय लिया है। एयरलाइन के सीईओ और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में बताया कि एयरस्पेस पर लगी पाबंदियों और जेट फ्यूल (विमान ईंधन) […]

You May Like