
इंदौर. शिलॉन्ग में हुए चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में सह-आरोपी राज कुशवाह की जमानत याचिका पर सुनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है. मामले में अगली तारीख 7 मई तय की गई है.
मंगलवार को जिला एवं सत्र अदालत में दोनों पक्षों की लंबी बहस के बाद न्यायालय ने आदेश सुरक्षित रखा. इससे पहले मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को जमानत मिल चुकी है. सरकारी वकील केशव गौतम ने बताया कि राज कुशवाह के साथ ही अन्य आरोपी विशाल चौहान, आनंद कुर्मी और आकाश राजपूत की जमानत याचिकाओं पर भी सुनवाई पूरी हो गई है. राज के वकील ने कोर्ट में दलील दी कि मुख्य आरोपी सोनम को पहले ही राहत मिल चुकी है, ऐसे में समानता के आधार पर राज को भी जमानत दी जानी चाहिए. बचाव पक्ष ने ‘पैरिटी’ के नियम का हवाला देते हुए कहा कि जब कथित मास्टरमाइंड को जमानत मिल गई है तो सह-आरोपी को जेल में रखना उचित नहीं है. वहीं, मामले को लेकर राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी ने कहा कि अभी कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा है और 7 तारीख लगी है, इसलिए कुछ कहना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि अब सभी को अदालत के फैसले का इंतजार करना पड़ेगा.
