
नरसिंहपुर। विगत दिवस महाकौशल शुगर मिल बचई परिसर स्थित इथेनॉल प्लांट में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा हो गया। रात करीब 1:30 बजे हुए इस हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्लांट में लगा एक विशालकाय डीडीएस टैंक अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के वक्त टैंक के नीचे काम कर रहे दो मजदूर इसकी चपेट में आ गए और बुरी तरह दब गए। मृतकों की पहचान खापा शेढ़ निवासी जगदीश यादव (32) और सिलवानी निवासी पवन ठाकुर (30) के रूप में हुई है।
हादसा इतना भयावह था कि पवन का शव दो हिस्सों में बंट गया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों मजदूरों को फैक्ट्री की एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी और मृतक जगदीश के चचेरे भाई कमलेश ने बताया कि प्लांट में पिछले एक सप्ताह से मशीन में तकनीकी खराबी बनी हुई थी और लगातार मरम्मत का काम चल रहा था। हादसे के समय भी मशीन पर काम जारी था, तभी अचानक टैंक गिर गया। उन्होंने बताया कि जगदीश ने महज तीन महीने पहले ही नौकरी शुरू की थी और वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मंगलवार सुबह अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं, लेकिन प्रारंभिक जांच में तकनीकी खामी या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
