
जबलपुर। ग्वारीघाट थाने में अनुशासनहीनता की धज्जियाँ उड़ाई गई। थाने में गणना के दौरान एक आरक्षक ने टीआई से अभद्रता की सारी हदें पार कर दीं।
जानकारी के अनुसार रोज़ाना की तरह ग्वारीघाट थाने में पुलिसकर्मियों की गणना हो रही थी। थाना प्रभारी हरिकिशन आटनेरे कर्मचारियों को निर्देश दे रहे थे, तभी आरक्षक अजय लोधी किसी बात पर उत्तेजित हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना गहरा गया कि आरक्षक अजय लोधी ने टीआई आटनेरे के साथ अभद्रता शुरू कर दी। विवाद के दौरान आरक्षक ने अपना आपा खो दिया और टीआई का कॉलर तक पकड़ने पर उतारूहो गया था। उसने सबके सामने वरिष्ठ अधिकारी के साथ धक्का-मुक्की की। थाने के भीतर हुए इस घटनाक्रम से वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मी दंग रह गए। आनन-फानन में स्टाफ के लोग दौड़े और बीच-बचाव कर आरक्षक को टीआई से अलग किया। मामले में विभागीय जांच शुरू हो गई है।
