होर्मुज़ तनाव के बीच अमेरिकी प्रभाव कम हो जाएगा: ग़ालिबफ़

तेहरान, 05 मई (वार्ता) ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने मंगलवार को कहा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य पर अगर तनाव बढ़ेगा तो उससे अमेरिकी प्रभाव में कमी आयेगी। होर्मुज़ जलडमरूमध्य एक महत्वपूर्ण वैश्विक ऊर्जा और नौवहन मार्ग है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, श्री ग़ालिबफ़ ने अमेरिका और उसके सहयोगियों पर युद्धविराम का उल्लंघन करके और नौवहन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाकर समुद्री सुरक्षा को खतरे में डालने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे नाकाबंदी करार दिया।

उन्होंने कहा, “होर्मुज जलडमरूमध्य का एक नया समीकरण अंतिम रूप ले रहा है, अमेरिका के लिए यथास्थिति बनाए रखना असहनीय है जबकि हमने अभी शुरुआत भी नहीं की है।” ये टिप्पणियां उन खबरों के बाद बढ़े तनाव के बीच आई हैं जिनमें कहा गया है कि अमेरिका ने 13 अप्रैल से ईरानी बंदरगाहों एवं समुद्री मार्गों पर नौसैनिक नाकाबंदी लगा दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने “प्रोजेक्ट फ्रीडम” की घोषणा की, जो एक नौसैनिक पहल है जिसका उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्ग से वाणिज्यिक जहाजों को एस्कॉर्ट करना है जिस पर ईरान का काफी प्रभाव है।

ईरानी सेना ने अमेरिकी युद्धपोतों को रणनीतिक जलमार्ग के पास आने के खिलाफ बार-बार चेतावनी दी है जिसपर इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कोर ने अपना कड़ा नियंत्रण बनाए हुआ है। आईआरजीसी नियमित मिसाइल और ड्रोन अभ्यासों के माध्यम से अपनी उन्नत क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहा है।
ईरान और अमेरिका के बीच सैन्य टकराव फिर से बढ़ने लगा है क्योंकि संयुक्त अरब अमीरात को कई मिसाइल हमलों का सामना करना पड़ा है और यूएई का कहना है कि ईरानी ड्रोन हमले के बाद फुजैरा के

एक प्रमुख पेट्रोलियम परिसर में आग लग गई है। इस हमले में तीन भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं।
संयुक्त अरब अमीरात ने ईरानी हमलों को ” तनाव में खतरनाक वृद्धि” करार देते हुए कहा कि उसने ईरान से दागी गई कई मिसाइलों को रोका है लेकिन फुजैरा बंदरगाह शहर में एक पेट्रोलियम संयंत्र में भीषण आग लग गई है। संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि वह जवाब देने का अधिकार सुरक्षित रखता है, जबकि ईरान ने कहा कि यूएई को निशाना बनाने की उसकी कोई पूर्व नियोजित योजना नहीं थी।

.....

Next Post

दीवार में कील ठोकने से रोका तो हथौड़ी से फोड़ा सिर

Tue May 5 , 2026
इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम काजी पलासिया में दीवार में कील ठोकने से मना करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया. गुस्साए पिता पुत्र ने पड़ोसी के सिर पर हथौड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू […]

You May Like