इंदौर:एरोड्रम थाना क्षेत्र के ग्रेटर बाबा परिसर स्थित नवग्रह जिनालय में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नकाबपोश बदमाशों की पहचान के लिए उनके हुलिए और चाल ढाल का विश्लेषण किया जा रहा है, वहीं भागने के संभावित रास्तों का रूट मैप भी तैयार किया जा रहा है. जांच में सामने आया है कि रविवार सोमवार की दरमियानी रात करीब 2:18 बजे बदमाश मंदिर के पिछले हिस्से से अंदर घुसे थे.
करीब 42 मिनट तक मंदिर के भीतर रहकर उन्होंने आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पुजारी नीतेश जैन और सहयोगी अशोक जैन के मुताबिक बदमाश सब्बल और टॉमी जैसे औजार लेकर आए थे, जिनसे उन्होंने ताले और अलमारियां तोड़ीं. बदमाश मंदिर से अष्टधातु की 4 और चांदी की 5 मूर्तियां, चांदी की पांडुशिला, 28 कलश, आरती थालियां और चंवर सहित अन्य कीमती पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए.
घटना के दौरान चौकीदार बाहर सोता रहा और उसे वारदात की भनक तक नहीं लगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया है. पुलिस ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. अब अलग अलग टीमें शहर और बाहरी क्षेत्रों में संभावित रूट पर जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं.
