ब्यावरा: शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी जारी है, जिले में खरीदी लक्ष्य के आधे आंकड़े के करीब तक खरीदी का आंकड़ा छूने को है. बड़े किसानों से खरीदी शुरु करने से खरीदी केन्द्रों पर आवक कहीं अधिक बढ़ चली है.उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा जिले में 108 खरीदी केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी का कार्य जारी है. जिले में गेहूं खरीदी का लक्ष्य लगभग 4 लाख मेट्रिक टन रखा गया है. इसकी तुलना में आज दिनांक तक जिले में 1 लाख 87 हजार मेट्रिक टन गेहूं की खरीदी समर्थन मूल्य पर हो चुकी है. अभी तक 46 हजार 115 किसानों के द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं का विक्रय किया गया है.
गत वर्ष कुल 98 हजार मेट्रिक टन ही हुई थी खरीदी
गत वर्ष जिले में 98 हजार मेट्रिक टन ही गेहूं की खरीदी हो सकी थी. जबकि इस वर्ष आज दिनांक तक खरीदी का आंकड़ा 1 लाख 87 हजार मेट्रिक टन पर जा पहुंचा है, यानि गत वर्ष की तुलना में काफी अधिक खरीदी जा पहुंची है.
दो दिन करना पड़ रहा इंतजार
अधिक आवक के चलते किसानों को अपनी उपज का विक्रय करने दो दिन तक का समय लग रहा है. खरीदी केन्द्रों के बाहर गेहूं से भरी ट्रेक्टर ट्रॉलियों की लम्बी लाइने लगी देखी जा सकती है.
मौसम बिगड़ा, खुले में पड़ा क्विंटलों गेहूं
जिले में कई ऐसे केन्द्र है जहां पर गोदाम नहीं है, उनके द्वारा खरीदी कार्य खुले आसमान के नीचे ही किया जा रहा है. खरीदी किया गया कई क्विंटल गेहूं बाहर ही खुले में पड़ा हुआ है. ऐसे में आंधी और बारिश का मौसम होने से परेशानी और बढ़ गई है. सुठालिया क्षेत्र में ही करीब 8 खरीदी केन्द्र खुले में है. जानकारी के अनुसार टोड़ी, मऊ, नापानेरा, गोरधनपुरा, सिलपटी, कानेड़, खनोटा स्थित समर्थन मूल्य खरीदी केन्द्र खुले में ही है. सोमवार को तेज हवा और बूंदाबांदी के चलते खरीदी केन्द्रों पर खुले में रखे गेहूं को पानी से भीगने से बचाने तिरपाल आदि से ढककर सुरक्षित किया गया.
