मुंबई, 21 मई (वार्ता) निजी क्षेत्र के इंडसइंड बैंक को 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में 2328.9 करोड़ रुपये का शुद्ध नुकसान हुआ है जबकि इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में उसे 2349.2 करोड़ रुपये का सकल शुद्ध मुनाफा हुआ था।
बैंक ने बुधवार को शेयर बाजार को बताया कि उसे वित्त वर्ष 2024-25 की जनवरी-मार्च तिमाही में 2328.9 करोड़ रुपये का शुद्ध नुकसान हुआ है। वहीं, वित्त वर्ष 2023-24 की अंतिम तिमाही में उसका सकल शुद्ध मुनाफा 2349.2 करोड़ रुपये रहा था। इस अवधि में उसकी कुल आय 14706.7 करोड़ रुपये के मुकाबले 22.9 प्रतिशत घटकर 11342.7 करोड़ रुपये पर आ गई। वहीं, उसका कुल व्यय 10625.1 करोड़ रुपये से 11.4 प्रतिशत बढ़कर 11833.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
आलोच्य अवधि में बैंक का सकल गैर निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) 1.92 प्रतिशत से बढ़कर 3.13 प्रतिशत हो गया। इसी तरह शुद्ध एनपीए 0.57 प्रतिशत से बढ़कर 0.95 प्रतिशत पर पहुंच गया।
बैंक ने बताया कि 31 मार्च 2025 को समाप्त वित्त वर्ष 2024-25 में उसे 2575.5 करोड़ रुपये का सकल शुद्ध मुनाफा हुआ, जो वित्त वर्ष 2023-24 के 8977.3 करोड़ रुपये से 71.3 प्रतिशत कम है। आलोच्य अवधि में उसकी कुल आय में 2.2 प्रतिशत का इजाफा हुआ और यह 55143.9 करोड़ रुपये से बढ़कर 56358.1 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, उसका कुल व्यय 39279.9 करोड़ रुपये से 16.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी लेकर 45696.7 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
आलोच्य अवधि में उसका जीएनपीए 1.92 प्रतिशत से बढ़कर 3.13 प्रतिशत और शुद्ध एनपीए 0.57 प्रतिशत से बढ़कर 0.95 प्रतिशत पर पहुंच गया।
