जबलपुर:जमीन विवाद पर कलेक्ट्रेट में आत्महत्या की कोशिश करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप-प्रत्यारोप के साथ मामला गरमा गया है। अब पार्षद ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। पार्षद ने कहा कि आरोप झूठे है। संबंधित जमीन उन्होंने विधिवत तरीके से वास्तविक भूमि स्वामी से खरीदी है और भुगतान बैंक के माध्यम से किया गया, साथ ही रजिस्ट्री भी कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई है।
विदित हो कि गत दिवस एक युवक ने आत्महत्या करने के इरादे से अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिडक़ लिया था।हालांकि मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक लिया था। युवक ने पार्षद और एक अन्य व्यक्ति पर उसकी जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया था । उसका कहना था कि उसकी लगभग 2 एकड़ जमीन के मूल दस्तावेज जबरन छीन लिए गए और मिलीभगत से उसे करीब 40 लाख रुपए में बेच दिया गया।
मामले में अब गढ़ा वार्ड के पार्षद मनीष पटेल ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने कहा कि संजय पटेल पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके द्वारा दिखाया जा रहा एग्रीमेंट फर्जी है, जिसमें न किसान के हस्ताक्षर हैं और न ही कोई वास्तविक लेन-देन हुआ है, उन्होंने यह भी दावा किया कि संजय पटेल ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है।
