जबलपुर: खेती से जुड़े मुद्दों पर जिले के किसान अब एक कॉल पर कृषि विशेषज्ञों एवं वैज्ञानिकों से जरूरी सुझाव, मार्गदर्शन और सहायता प्राप्त कर सकेंगे। राज्य शासन ने “सीएम किसान हेल्पलाइन 155253” की शुरुआत की है। किसान इस टोल फ्री नम्बर पर संपर्क कर कृषि से जुड़ी अपनी कठिनाइयों का समाधान भी प्राप्त कर सकेंगे। ज्ञात हो कि किसानों की सहूलियत तथा खेती को सुरक्षित और लाभकारी बनाने में सहायक इस हेल्पलाइन का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा 30 अप्रैल को भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में किया गया था।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की इस नवाचारी पहल से किसानों को विशेषज्ञ सलाह, योजना की जानकारी और समस्या का समाधान उपलब्ध कराएगी। उप संचालक कृषि यू के कटहरे ने बताया कि जबलपुर जिले के किसान भो “सीएम किसान हेल्पलाइन 155253” पर फसल, आधुनिक तकनीक, उन्नत कृषि तथा केंद्र और शासन द्वारा संचालित कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि किसानों को कृषि से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन कृषि विशेषज्ञों एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दिया जायेगा। इसके साथ ही कृषि से जुड़ी किसानों की कठिनाइयों का त्वरित निराकरण भी हेल्पलाइन के माध्यम से होगा।
