शुरू हुई आरोग्यधाम सुपर स्पेशलिटी की नई ओपीडी, शाम को मुख्यमंत्री करेंगे अवलोकन

ग्वालियर: गोला का मंदिर क्षेत्र में निर्माणाधीन आरोग्यधाम सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की ओपीडी सेवाएं आज 4 मई से प्रारंभ हो गईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 3:40 बजे नई ओपीडी का अवलोकन करेंगे। अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।आम जनता को सस्ता और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरोग्यधाम अस्पताल का संचालन वर्तमान में सिटी सेंटर स्थित एजी ऑफिस पुल के समीप किया जा रहा है। यहां प्रतिदिन लगभग 700 से 800 मरीज ओपीडी सेवाओं का लाभ ले रहे हैं और करीब 200 बिस्तरों की सुविधा उपलब्ध है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल के विस्तार की योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
इसी क्रम में गोला का मंदिर स्थित एमआईटीएस के सामने शासन द्वारा आवंटित भूमि पर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। निर्माण स्थल पर फिलहाल ओपीडी संचालन के लिए छह कक्ष तैयार कर लिए गए हैं, जहां से प्रारंभिक सेवाएं शुरू की जा रही हैं। नई ओपीडी के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
नई ओपीडी में मरीजों का परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जाएगा। यहां जनरल मेडिसिन, सर्जरी, टीबी, गायनेकोलॉजी, पीडियाट्रिक्स, ऑर्थोपेडिक, डर्मेटोलॉजी और नेत्र रोग विभाग की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। साथ ही पैथोलॉजी एवं कलेक्शन सेंटर भी संचालित रहेगा, जहां ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट सहित अन्य आवश्यक जांचें एक ही स्थान पर की जा सकेंगी।
ढाई साल में तैयार होगा 620 बिस्तरों का अस्पताल
गोला का मंदिर क्षेत्र में बन रहे इस अत्याधुनिक अस्पताल में 620 बिस्तरों की सुविधा विकसित की जाएगी। यह अस्पताल 3 मंजिला रहेगा। निर्माण कार्य तेजी से जारी है और इसे लगभग ढाई वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
ओपीडी में परामर्श के बाद यदि किसी मरीज को भर्ती या ऑपरेशन की आवश्यकता होती है, तो उसे नि:शुल्क एंबुलेंस के माध्यम से सिटी सेंटर स्थित मुख्य अस्पताल भेजा जाएगा। इससे मरीजों को बिना किसी परेशानी के समय पर उपचार मिल सकेगा और चिकित्सा सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहेंगी।

पहले दिन नि:शुल्क रहेगी ओपीडी सेवा
नई ओपीडी में आज 4 मई को मरीजों को पूरी तरह नि:शुल्क परामर्श सुविधा दी जा रही है। ओपीडी का समय प्रतिदिन सुबह से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है।

Next Post

मतगणना के शुरुआती रुझानों में असम और पश्चिम बंगाल में भाजपा, केरल में कांग्रेस, तमिलनाडु में टीवीके आगे

Mon May 4 , 2026
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like