भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान तेज करते हुए उज्जैन और इंदौर में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में ₹1.05 करोड़ से अधिक की शराब और वाहन जब्त किए हैं।
उज्जैन में नानाखेड़ा क्षेत्र स्थित निनोरा टोल प्लाजा के पास पुलिस ने एक ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें 900 पेटी (21,600 केन) अवैध बीयर बरामद हुई। कुल 10,800 बल्क लीटर बीयर की कीमत करीब ₹45 लाख आंकी गई है, जबकि परिवहन में इस्तेमाल ट्रक (लगभग ₹55 लाख) भी जब्त कर लिया गया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
वहीं इंदौर में वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से 43 पेटी अवैध विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब ₹5 लाख बताई गई है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत दें।
