इंदौर:संयोगितागंज थाना क्षेत्र में सेकंड हैंड कारों की खरीद-बिक्री के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एक कार बाजार संचालक के भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे करीब 25 लाख रुपए से अधिक की राशि हड़प ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
संयोगितागंज पुलिस के मुताबिक फरियादी राजेश पिता रामचंद्र जायसवाल निवासी कृष्ण टावर (इंडियन कार बाजार), नवलखा की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। राजेश जायसवाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने आरोपी तरुण चिनमानी निवासी जयश्री सिंडिकेट, माणिकबाग रोड को पुरानी कारें बेचने का काम सौंपा था। आरोपी तरुण ने व्यापारिक विश्वास का लाभ उठाते हुए कारों की बिक्री से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार किए और बेईमानी करते हुए कुल 25 लाख 15 हजार रुपए की बड़ी राशि हड़प ली।एसीपी तुषार सिंह के अनुसार, जब फरियादी को हिसाब में गड़बड़ी और दस्तावेजों के फर्जी होने का संदेह हुआ, तो उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। शुरुआती जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पुलिस ने आरोपी तरुण चिनमानी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
