
इंदौर. एमआईजी थाना क्षेत्र के एलआईजी लिंक रोड पर युवक को प्रेमजाल में फंसाकर बुलाकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 72 घंटे के भीतर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. वारदात में एक युवती की भी भूमिका सामने आई है, जबकि 3 आरोपी अभी फरार हैं. घायल युवक का इलाज अस्पताल में हुआ था.
रानीपुरा निवासी फाजिल उम्र 24 साल 28 अप्रैल की रात करीब 11 बजे अपनी महिला मित्र के साथ लिंक रोड पर खड़ा था. इसी दौरान जुबेर उर्फ बबलू, सरफराज उर्फ पिद्धि, कासिम, शाहरुख, फैजान और एक नाबालिग वहां पहुंचे और चाकू, लाठी डंडों से हमला कर दिया. हमले में फाजिल के सिर, हाथ पैर में गंभीर चोट आई और आरोपी मौके से फरार हो गए. बाद में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया. जांच में सामने आया कि आरोपी फैजान का फाजिल से पुराना विवाद था. बदला लेने के लिए उसने अपनी महिला मित्र राधिका उर्फ अमृता को फाजिल को जाल में फंसाने के लिए लगाया. राधिका ने मकान किराए के बहाने संपर्क कर उसे लिंक रोड बुलाया और फिर साथियों को सूचना देकर हमला करवा दिया. थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शाहरुख और फैजान को घेराबंदी कर पकड़ा. भागने के दौरान दोनों गिरकर घायल भी हो गए, जिनका मेडिकल कराने के बाद गिरफ्तार किया. इसके अलावा राधिका और एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया है. पुलिस ने आरोपियों से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, चाकू और डंडे जब्त किए हैं. फरार आरोपी जुबेर, सरफराज और कासिम की तलाश जारी है. मामले में पुलिस रिमांड लेकर आगे पूछताछ की जा रही है.
