सतना: वैवाहिक आयोजन के दौरान भोजन की व्यवस्था को लेकर शुरू हुए विवाद को वहां पर मौजूद मेहमानों ने शांत तो करा दिया। लेकिन हलवाई का गुस्सा ठंडा नहीं हुआ और गुस्से में आकर उसने अधिवक्ता पर चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना के सामने आते ही क्षेत्र में तनाव के साथ साथ शोक का माहौल पसर गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के कोठी थाना क्षेत्र के रनेही गांव में एक शादी समारोह आयोजित था।
जिसमें सम्मिलित होने के लिए पेशे से अधिवक्ता रोहित डोहर निवासी गौरा मेदनीपुर भी पहुंचे थे। बताया गया कि समारोह के दौरान उनका हलवाई का काम करने वाले सतीश डोहर से विवाद हो गया। यह विवाद भोजन व्यवस्था को लेकर की जाने वाली आपत्ति के जरिए शुरू हुआ था। हालांकि विवाद बढ़ता देख वहां पर मौजूद लोगों द्वारा समझा बुझाकर किसी तरह शांत करा दिया था।
लेकिन घटना के बाद जब रोहित अपने गांव लौट रहे थे तभी रास्ते में आरोपी सतीश डोहर ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रोहित को मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल कोठी अस्पताल पहुंचाया लेकिन घाव इतने गहरे थे कि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। रोहित की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची घर में कोहराम मच गया।
एक ही गांव के निवासी
घटना की सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक एक ही क्षेत्र के रहने वाले हैं। मृतक वकालत की प्रैक्टिस करते थे।। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और पुलिस की अलग-अलग टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
