
रीवा, रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंभीरपुर में बाड़ी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़िता सीमा उपाध्याय द्वारा पुलिस को दिए गए शिकायत आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पड़ोस में रहने वाले कई लोगों ने एकराय होकर उनकी बाड़ी काट दी। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घर में घुसने का प्रयास किया।
शिकायत के अनुसार, घटना के दौरान पीड़िता, उसकी पुत्री, दामाद तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट की गई। आरोप है कि पीड़िता के दामाद मोहित दुबे पर टांगी से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार रीवा के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी दोबारा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
बताया जा रहा है कि घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट करने वाले लोग हाथों में लाठी, डंडे, टांगी सहित अन्य हथियार लिए हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
