अहमदाबाद/जयपुर, 30 अप्रैल (वार्ता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में कृषि क्षेत्र में आधुनिक, तकनीकी और लाभकारी बदलाव तेजी से हो रहे हैं और उनके विजन से छोटे किसान भी अब बाजार में एक सशक्त ताकत के रूप में उभर रहे हैं।
श्री शर्मा गुरुवार को गुजरात के अहमदाबाद में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 के तहत आयोजित इन्वेस्टर मीट को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि किसानों के समृद्ध होने से ही प्रदेश और देश का समग्र विकास होगा। उनके इसी विजन को आत्मसात करते हुए प्रदेश में हमारी सरकार प्रदेश में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 आयोजन करने जा रही है, जिसके माध्यम से कृषि, एग्रीटेक, फूड प्रोसेसिंग, ड्रोन तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित खेती तथा कोल्ड चेन जैसे क्षेत्रों में निवेश के व्यापक अवसर उपलब्ध होंगे। इस आयोजन में देश-विदेश के निवेशक, कृषि वैज्ञानिक, स्टार्टअप्स और नीति निर्माता एक मंच पर आएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम-2026 को लेकर अब तक नई दिल्ली एवं बेंगलुरू में इन्वेस्टर मीट का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा चुका है। इनमें कृषि तकनीक, फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन और जैविक खेती में निवेशकों ने रुचि दिखाई है। राजस्थान की कृषि अब बदलाव के दौर में है। निवेशक इस समृद्धि के भागीदार बनें, ताकि उनके अनुभव का लाभ राजस्थान को मिल सके।
उन्होंने कहा कि राजस्थान बाजरा, सरसों से लेकर ईसबगोल और जीरा उत्पादन में अग्रणी हैं। कृषि उत्पादन की इसी विविधता के दम पर प्रदेश में देश का एग्री-बिजनेस पावरहाउस बनने की अपार संभावनाएं है। ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 के माध्यम से फूड प्रोसेसिंग उद्योग, एग्रो-पार्क और कृषि में निवेश के नए द्वार खुल रहे हैं।
उन्होंने निवेशकों को आमंत्रित करते हुए कहा कि वे 23 से 25 मई तक जयपुर में होने वाली इस एग्रीटेक मीट में भाग लेकर प्रदेश की विकास यात्रा एवं कृषि में बदलाव की मुहिम में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कर्मस्थली रही है। इसी धरती से प्रधानमंत्री ने दुनिया को विकास का गुजरात मॉडल दिया जो आज पूरे विश्व में एक उदाहरण बन गया है।
