स्वच्छता सर्वेक्षण में टॉप-5 आने का लक्ष्य

सीहोर। नगर पालिका ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है. इस वर्ष शहर को राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने न केवल व्यापक कार्ययोजना तैयार की है, बल्कि जनभागीदारी को अभियान का मुख्य आधार बनाने का संकल्प भी लिया है. इसी क्रम में आयोजित प्रेसवार्ता में स्वच्छता को प्रभावित करने वाले कारकों को खत्म करने और शहर को स्वच्छ व सुरक्षित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए.

नगर पालिका परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई. इस दौरान बताया गया कि पिछले वर्ष सीहोर ने 1 लाख से 3 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर 6वां स्थान प्राप्त किया था, वहीं मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर शहर ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की थी।

प्रेस वार्ता में नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि पिछले वर्ष की सफलता प्रेरणादायक है, लेकिन इस बार लक्ष्य और ऊंचा रखा गया है. उन्होंने कहा कि नगर पालिका इस वर्ष स्वच्छता के सभी मापदंडों पर और अधिक मजबूती से काम करेगी, ताकि सीहोर देश के टॉप-5 स्वच्छ शहरों में अपनी जगह बनाने में सफल हो सके.

नगर पालिका द्वारा आगामी कार्ययोजना के तहत कचरा प्रबंधन में नवाचार, शहर के प्रमुख स्थलों का सौंदर्यीकरण, नालों की नियमित सफाई और सीवरेज ट्रीटमेंट सिस्टम को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा. इसके अलावा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और सोर्स सेग्रिगेशन को 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.

अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में शहर के लगभग 93 प्रतिशत घरों से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण किया जा रहा है और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के माध्यम से कचरे का वैज्ञानिक निपटान सुनिश्चित किया जा रहा है. ‘वेस्ट टू वेल्थÓ मॉडल के तहत गीले कचरे से खाद निर्माण और सूखे कचरे के पुनर्चक्रण को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा.

नपा ने स्वच्छता अभियान में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को सबसे अहम बताया है.हर वार्ड में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे. प्रेसवार्ता में पार्षद विजेंद्र परमार, राजेश मांझी, दिनेश कुशवाहा, कमलेश कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

नपध्यक्ष राठौर ने लिया अनुकरणीय संकल्प

इस अवसर पर एक महत्वपूर्ण पहल के तहत फ्लेक्स, बैनर और होर्डिंग पर रोक लगाने का संकल्प लिया गया. अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए घोषणा की कि वे अपने जन्मदिन पर किसी भी प्रकार के फ्लेक्स या स्वागत द्वार का उपयोग नहीं करेंगे. साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से भी अपील की कि वे इस पहल में सहभागी बनें, क्योंकि सड़कों पर लगे फ्लेक्स और होर्डिंग न केवल गंदगी फैलाते हैं बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं.

 

Next Post

बुधनी में पराली से लदी ट्राली जली, शेखपुरा में किसान तबाह

Thu Apr 30 , 2026
सीहोर/ बुधनी। जिले में आग की घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं और विभागीय लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बुधनी के देवगांव के पास नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब पराली से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक आग का गोला बन गई. वहीं, […]

You May Like

मनोरंजन