
ग्वालियर। ग्वालियर नगर निगम के मुख्यालय में आग लग गई। मुख्यालय की एनयुएलएम शाखा में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है, जिसमें कई दस्तावेज जलने की बात सामने आ रही है। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने पहुंचकर इस आग पर काबू पा लिया था।
फायर ब्रिगेड अधिकारी अतुल सिंह यादव ने बताया कि लगभग 3:15 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। मुख्यालय बेहद नजदीक है इसलिए फायर ब्रिगेड स्टेशन से तत्काल गाड़ियां रवाना कर आग को बुझाया गया।
संबल सेल में आग लगने के बाद हड़कंप मच गया। आग लगने पर कागजों के जलने की बात सामने आ रही है। शॉर्ट सर्किट की वजह से लगने की आशंका प्रतीत हो रही है।
सुरक्षा के इंतजामों की बात की जाए तो नगर निगम ने शहर के बीचो-बीच अपना मुख्यालय बनाया है। यह लाल बिल्डिंग के नाम से मशहूर है। फायर ब्रिगेड अधिकारी का कहना है कि मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि कार्यालय बाहर से बंद थे और कर्मचारी और अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं थे। तब कांच तोड़कर किसी भी तरह आग पर काबू पाया गया। भीतर जाकर जब देखा गया तो सुरक्षा के इंतजाम तो थे लेकिन मौके पर कोई भी मौजूद न होने की वजह से उनका इस्तेमाल नहीं हो पाया।
