कामायनी में बम की सूचना पर खंडवा में रोकी ट्रेन, अफवाह निकली

खंडवा। रेलवे के चार जोन को एकसाथ जोड़ने वाले, खंडवा रेलवे जंक्शन पर शनिवार दोपहर हड़कम्प मच गया। यहां से गुजरने वाली कामायनी एक्स्प्रेस ट्रेन में बम होने की सूचना स्थानीय रेल पुलिस अधिकारियों को मिली ।

इसके बाद मौके पर रेलवे अधिकारियों के साथ ही जीआरपी, आरपीएफ और जिला पुलिस बल एवं डॉग स्क्वायड ने तलाशी अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे तक चले इस अभियान में किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या बम बरामद नहीं हुआ। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई । खंडवा स्टेशन से ट्रेन को अगले स्टेशन की ओर रवाना कर दिया गया । ट्रेन में बम होने की सूचना औरंगाबाद से जीआरपी के भोपाल स्थित कंट्रोल रूम को मिली थी। जिसके चलते यह पूरी कार्रवाई की गई ।

औरंगाबाद से मिली थी ट्रेन में बम होने की सूचना

पूरे मामले की जानकारी देते हुए खंडवा जीआरपी थाना प्रभारी एन पी ठक्कर ने बताया कि, दोपहर करीब 12:41 पर भोपाल स्थित जीआरपी कंट्रोल रूम से उन्हें जानकारी मिली थी कि, ट्रेन नंबर 01072 (कामायनी एक्सप्रेस) के स्लीपर कोच नंबर S4 या S5 या फिर इसके थर्ड एसी के डिब्बा नम्बर B4 या B5 में औरंगाबाद से बम होने की सूचना प्राप्त हुई है । इसके साथ ही कंट्रोल रूम से बताया गया था कि, यह ट्रेन फिलहाल खंडवा से कुछ दूरी पर स्थित तलवाडिया स्टेशन तक पहुंच चुकी है, जो की कुछ मिनट के बाद खंडवा स्टेशन पर पहुंचने वाली है । जिस पर, इस गाड़ी को खंडवा जीआरपी टीम के साथ चेक करने के निर्देश भोपाल स्थित कंट्रोल रूम से जारी किए गए थे।

ऐसे ली ट्रेन में बम की तलाशी

थाना प्रभारी ने बताया कि, उन्होंने तुरंत जीआरपी के वरिष्ठ अधिकारियों सहित खंडवा पुलिस कंट्रोल रूम को भी इसकी सूचना दी । इसके साथ ही आरपीएफ के थाना प्रभारी संजीव शुक्ला और खंडवा स्टेशन अधीक्षक अरविंद शाहा को भी इस बारे में बताया गया । जिस पर ट्रेन आने के पहले ही ये सभी अपने स्टाफ सहित मौके पर पहुंच गए । इनके साथ ही जिला पुलिस बल और डॉग स्क्वायड के साथ आरआई अरविंद दांगी भी मौके पर पहुंचे । सभी ने मिलकर ट्रेन की अंतिम बोगी से शुरू करते हुए इंजन तक पूरी तलाशी ली । हालांकि चेकिंग के दौरान जांच दल को किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या बम नहीं मिला । जिसको लेकर रेलवे के स्थानीय अधिकारियों ने पूरी तरह संतुष्टि हो जाने पर बड़े अधिकारियों से चर्चा की । जिसके बाद ट्रेन को खंडवा से अगले स्टेशन पर जाने के लिए रवाना किया गया ।

Next Post

एक तरफा प्यार में गई युवक की जान, मुख्य आरोपी गिरफ्तार 

Sat May 17 , 2025
भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार के चलते एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। भोपाल पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके एक साथी की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार, गौतम नगर में सिटी मल्टी अस्पताल के पीछे 14-15 मई की […]

You May Like