इंदौर: शहर के थानों की जून माह की रैंकिंग में एक बार फिर चंदननगर थाना सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला थाना बना है, जबकि छोटी ग्वालटोली सबसे निचले पायदान पर रही. पुलिस कमिश्नरेट ने 32 थानों का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, विवेचना, जनसंतुष्टि, लंबित मामलों के निराकरण और पुलिसिंग में किए गए नवाचार सहित विभिन्न मापदंडों के आधार पर किया.
रैंकिंग में बाणगंगा दूसरे और द्वारिकापुरी तीसरे स्थान पर रहे. सदर बाजार, भंवरकुआं, राजेंद्र नगर, हीरानगर, राऊ, तेजाजीनगर और पलासिया ने भी शीर्ष 10 में जगह बनाई. वहीं सूची के निचले पायदान पर छोटी ग्वालटोली के साथ सराफा, पंढरीनाथ और सेंट्रल कोतवाली रहे. कमिश्नरेट की ओर से हर महीने जारी होने वाली यह रैंकिंग थानों के कामकाज की समीक्षा का आधार बन रही है. इसके जरिए अलग अलग मापदंडों पर थानों की कार्यप्रणाली का आकलन कर पुलिसिंग की गुणवत्ता सुधारने का प्रयास किया जा रहा है.
बेहतर पुलिस सेवा के लिए…
थानों की मासिक रैंकिंग का उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाना है, ताकि आमजन को बेहतर पुलिस सेवा मिल सके.
पुलिस कमिश्नर, संतोष कुमार सिंह
