नई दिल्ली | राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग एक बड़े विवाद में फंस गए हैं। आईपीएल 2026 के 40वें मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में उन्हें कथित तौर पर ई-सिगरेट (वेप) का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में कैद किया गया है। पंजाब किंग्स के खिलाफ चल रहे इस रोमांचक मुकाबले के 16वें ओवर में यह घटना घटी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बीसीसीआई (BCCI) और आईपीएल की आचार संहिता के तहत ड्रेसिंग रूम को ‘नो-स्मोकिंग जोन’ माना जाता है, जहाँ किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों या इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट पर सख्त पाबंदी है।
रियान पराग की इस हरकत के बाद उन पर केवल क्रिकेट बोर्ड का ही नहीं, बल्कि कानूनी कार्रवाई का भी खतरा मंडरा रहा है। भारत में ‘इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम 2019’ के तहत ई-सिगरेट का उपयोग और भंडारण पूरी तरह अवैध है। नियमों के मुताबिक, पहली बार दोषी पाए जाने पर एक साल की जेल या 1 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। क्रिकेट के मैदान पर अनुशासन भंग करने के आरोप में बीसीसीआई उनकी मैच फीस में कटौती कर सकता है या उन्हें कुछ मैचों के लिए सस्पेंड (Ban) भी किया जा सकता है, जो उनकी टीम के लिए बड़ा झटका होगा।
यह विवाद ऐसे समय में आया है जब रियान पराग पहले से ही अपनी खराब फॉर्म को लेकर आलोचकों के निशाने पर हैं। इस सीजन में उन्होंने 9 मैचों में 125 से भी कम के स्ट्राइक रेट के साथ केवल 117 रन बनाए हैं। राजस्थान रॉयल्स के प्रबंधन पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि इसी सीजन में टीम मैनेजर पर डगआउट में मोबाइल इस्तेमाल करने के लिए जुर्माना लग चुका है। फिलहाल राजस्थान रॉयल्स और आईपीएल की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन वीडियो की प्रामाणिकता की जांच के बाद रियान पर गाज गिरना तय माना जा रहा है।

